राजस्थान

रंजिश में चली गोली, बच्चे के पेट में लगी, कहासुनी के बाद पड़ोसी ने देसी कट्टे से किया फायर …

जयपुर। डीग इलाके में 12 साल के बच्चे को गोली लग गई। घायल बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला खोह थाना इलाके के गांव धमारी का है। जानकारी के अनुसार गांव के ज्ञान सिंह और पप्पू के परिवारों के बीच झगड़ा हो रहा था। इस बीच एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई जिसकी चपेट में बच्चा आ गया।

खोह थाना के एएसआई अजय कुमार यादव ने बताया कि रविवार सुबह 10.30 बजे एक ही परिवार के ज्ञान सिंह व पप्पू सिंह के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके लेकर दोनों परिवारों में झगड़ा शुरू हो गया। पप्पू का परिवार अलग रहता है और ज्ञानसिंह अपने भाई-बंधुओं समेत रहता है। कहासुनी में ज्ञानसिंह पक्ष की ओर से देसी कट्‌टे से फायरिंग कर दी गई।

इस दौरान ट्यूशन पढ़कर लौट रहा पप्पू (12) के परिवार का बच्चा अमित पुत्र रामजीलाल चपेट में आ गया। एक गोली उसके पेट में लग गई और दूसरी छूकर निकल गई। बच्चा वहीं गिरकर तड़पने लगा और दोनों परिवार झगड़ा करते रहे। गांव वालों ने बच्चे को डीग अस्पताल पहुंचाया। बाद में परिजन भी पहुंच गए। बच्चे की हालत देख उसे आरबीएम रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि झगड़े में पप्पू पक्ष के 4-5 लोग और ज्ञान सिंह पक्ष के 20 से ज्यादा लोग शामिल थे। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हैं। पप्पू और ज्ञान सिंह चाचा-ताऊ में रिश्तेदार हैं। पप्पू के घर में इसी साल 31 मई को चोरी हो गई थी। चोरी का शक ज्ञान सिंह के परिवार पर लगाया था। तब से दोनों के बीच दुश्मनी हो गई। रविवार को उसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। तैश में ज्ञान सिंह के परिवार की ओर से गोली चला दी गई।

डीग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया हैl आरोपियों की तलाश की जा रही है। धमारी सरपंच सतीश ने बताया दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है। चोरी की पुरानी बात को लेकर ही रविवार सुबह कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था।

Back to top button