लखनऊ/उत्तरप्रदेश

भाजपा के फायर ब्रांड सीएम आदित्यनाथ गोरखपुर में बने पन्ना प्रमुख, मिशन-2022 के लिए BJP ने बूथों पर झोंकी ताकत …

गोरखपुर । भाजपा के फायर ब्रांड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर नगर विधानसभा सीट के गोरखनाथ क्षेत्र के बूथ संख्या 246 पर पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। भाजपा के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों को उनके निर्वाचन क्षेत्र में पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। भाजपा महानगर के अन्तर्गत शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र (आंशिक) में 13, 800 बूथों पर 13,100 पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं।

असल में विधानसभा चुनाव 2022 के चुनाव की तैयारियों में जुटी पार्टी मतदाताओं को जोड़ने के लिए सबसे निचली और आखिरी कड़ियों को भी मजबूत बनाने में जुटी है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारियों को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गोरखपुर में पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व सांसद शिव प्रताप शुक्ल शहर विधानसभा क्षेत्र में और नगर विधायक डा. राधामोहन दास अग्रवाल शहर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 350 के अन्तर्गत पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 317 पर, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 166 व महापौर सीतराम जायसवाल ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 167 पर पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। महानगर अध्यक्ष भाजपा राजेश गुप्ता बताते हैं कि पार्टी ओर सरकार में शामिल हर व्यक्ति को उस पन्ने का प्रमुख का बनाया गया है जहां मतदाता सूची में उसका नाम है। उसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही पदाधिकारियों को पन्ना प्रमुख बनाया है।

भाजपा ने पन्ना प्रमुख का प्रयोग सबसे पहले गुजरात विधानसभा चुनाव में किया, जहां अच्छी सफलता मिली थी। फिर पार्टी ने कई राज्यों के चुनाव में पन्ना प्रमुख बना सफलता हासिल की।

आगामी रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर यूनिवर्सिटी परिसर में करीब 142 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के हाथों 126 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास होगा। इन्टेलीजेन्ट ट्रैफिक मैनेजमेन्ट सिस्टम, ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन, मृत पशुओं के निस्तारण किये जाने हेतु संयन्त्र,अवस्थापना विकास निधि एवं नगर निगम निधि के अन्तर्गत सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का सीएम शिलान्यास करेंगे। 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में नगर निगम और गोरखपुर विकास प्राधिकरण की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने आ रहे हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने नगर निगम के सदन हाल में तैयारियों की समीक्षा की।

मतदाता सूची के हर पन्ने के लिए भाजपा एक प्रमुख बना रही है इसे पन्ना प्रमुख का नाम दिया है। मतदान के दिन पर्ची बांटने से लेकर मतदाताओं को बूथ तक लेकर जाने की जिम्मेदारी पन्ना प्रमुख पर होगी। एक पन्ने पर 30-30 मतदाताओं के नाम होते हैं। एक बूथ पर 20-21 पन्ना प्रमुख बनाए जाएंगे।

Back to top button