मध्य प्रदेश

शिवराज सरकार के चुनावी बजट में महिला, किसान और युवाओं को लुभाने की कोशिश

महिलाओं के लिए शिवराज सरकार ने अपना खजाना खोला, अपने चौथे कार्यकाल के अंतिम बजट में सभी वर्गों को खुश करने की कोशिश

कैलाश गौर, भोपाल। मध्यप्रदेश के वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने आज विधानसभा में बजट पेश किया। शिवराज सरकार ने अपने चौथे कार्यकाल के अंतिम बजट में सभी वर्गों को खुश करने की कोशिश की। 3 लाख 14 हजार 25 करोड़ रुपए के बजट में महिला, युवा और किसानों पर फोकस किया गया है। जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया गया है, क्योंकि इसी साल चुनाव भी होना है। चुनावी लिहाज से कई नई लोक लुभावन नीतियों की घोषणा भी बजट में की गई है। बजट में बेरोजगारों के साथ महिलाओं और छात्राओं से जुड़ी योजनाओं पर खास फोकस किया गया है। महिलाओं के लिए अलग-अलग योजनाओं में 1.02 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। बजट में स्टूडेंट्स का भी खास ध्यान में रखा गया है। फर्स्ट डिविजन से 12वीं पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी। बेरोजगारों को 1 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।

वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने अपने बजट भाषण में घोषणा की कि मध्यप्रदेश के तीर्थ स्थलों पर हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए 15 साल पुरानी सरकारी गाड़ियां प्रदेश में अब नहीं चल सकेंगी। अप्रैल से नीति लागू हो जाएगी। एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों के लिए बजट में विविध प्रविधान बढ़ाकर मिशन 2023 के लक्ष्य को साधने की कोशिश की गई। कुल मिलाकर सोशल इंजीनियरिंग और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के संदेश वाले इस बजट के जरिये सत्ता में वापसी का रोडमैप खींचा गया है। पिछले साल (2022-23) में बजट 2 लाख 79 हजार 697 करोड़ रुपए का था।बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री 1 घंटा 50 मिनट बोले। खास बात यह है कि मप्र में पहली बार ई-बजट (पेपरलेस) बजट आया। विपक्ष के हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने इसे टैबलेट पर पढ़ा। मंत्रियों और विधायकों को भी टैबलेट दिए गए थे। बजट भाषण के बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट के लिए 4 हजार से ज्यादा सुझाव सरकार को मिले थे।

जय श्री महाकाल के जयघोष से पढ़ाना शुरू किया, अटल जी की कविता से समापन

अपना बजट भाषण प्रस्तुत करने से पहले मंत्री देवड़ा ने देवाधिदेव महाकाल का आह्वान किया। साथ ही बजट को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी की कविता पढ़कर समापन किया। वित्त मंत्री ने बजट भाषण पढते हुए कहा कि भारत मध्ये स्वयंभू ज्योतिर्लिंग, यज्ञामहे, हे पारब्रहम परमेश्वर शिव शम्भू, दयामहे, जय श्री महाकाल, जय जय श्री महाकाल। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार का यह निरंत प्रयास रहा है कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की धारा से पूरी तरह जोड़ें, एवं उनके जीवन स्तर में सुधार हो। वहीं, अंत में वित्त मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की कविता  ‘टूटे हुए तारों से फूटे बासंती स्वर, पत्थर की छाती में उगाया नव अंकुर, झरे सब पीले पात, कोयल की कुहुक रात, प्राची में अरुणिमा की रेख देख पाता हूं, गीत नया गाता हूं।’ कविता पढ़कर अपना भाषण समाप्त किया।

‘मुझे आखिरी घर तक दिया जलाना है’

बजट भाषण के अंतिम पैरा प्रस्तुत करते हुए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने फिर शायराना अंदाज में विपक्षी दलों को चुप करा दिया। वित्त मंत्री ने कहा कि – नया बजट अनुमान है, परंतु हमारी सरकार का ‘वादा’ भी है। प्रदेश की जनता से बिना समझौता किए हर मुश्किल आसान करेंगे। सभी जरूरतों का ध्यान रखेंगे। बेहतर सेवा का वादा है, पूरा करेंगे। मेरा विनम्र प्रयास रहेगा कि ‘तुम अपने पास रखो अपने सूरजों का हिसाब मुझे आखिरी घर तक दिया जलाना है।

युवाओं/शिक्षा/ नौकरी के लिए बजट…

  • एक लाख नौकरियां देने का वादा।
  • युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए करोड़ों का खर्च किया जाएगा।
  • रोजगार के लिए 200 युवा जाएंगे जापान।
  • छह नए इंजीनियरिंग कॉलेज खुलेंगे।
  • नई शिक्षा नीति के लिए 277 करोड़ का प्रावधान है। सिंगरौली में खनन प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय खुलेगा।
  • 12वीं क्लास फर्स्ट डिविजन से पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी।
  • एमबीबीएस सीट 2 हजार 55 से बढ़ाकर 3 हजार 605 की जाएंगी
  • नर्सिंग कॉलेज योजना से मेडिकल कॉलेज में 810 बीएससी नर्सिंग, 300 पोस्ट बेसिक नर्सिंग की एक्स्ट्रा सीट्स होंगी।
  • 25 चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए 400 करोड़ रुपए का प्रावधान।
  • समग्र शिक्षा अभियान के लिए रुपए 4039 करोड़।
  • मुख्यमंत्री कौशल अप्रेंटिसशिप योजना के लिए 1000 करोड़।
  • कला, विज्ञान और वाणिज्य महाविद्यालय के लिए 2381 करोड़.
  • माध्यमिक शालाएं के लिए 2221 करोड़ बांध और संलग्र कार्य के लिए 2221 करोड़।

खेल के लिए यह मिला…

  • खेल विभाग का बजट बढ़ाया। खेलों के विकास के लिए 738 करोड़ रुपए।
  • भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण और स्पोर्ट्स साइंस सेंटर की स्थापना की जाएगी।

महिलाओं के लिए बजट में प्रावधान…

  • कन्या विवाह एवं निकाह के लिए 80 करोड़ रुपए। शादी के लिए 55 हजार रुपए की मदद दी जाती है।
  • मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना प्रारंभ की जाएगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जाएंगे. वित्तीय वर्ष 2023-24 में आठ हजार करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।
  • लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए 929 करोड़ रुपए रखे गए हैं. महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 660 करोड़ रुपए, खाद्य अनुदान योजना के लिए 300 करोड़ रुपए।
  • मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 8 हजार करोड़ रुपए इस प्रकार महिला कल्याण के लिए 1.2 लाख करोड़ रुपए रखे गए हैं. नारी कल्याण के लिए 1.2 लाख 976 करोड़।
  • लाडली बहना योजना के हितग्राहियों को रुपए 1000 महीना दिया जाएगा।
  • आहार अनुदान योजना के लिए 300 करोड़ रुपए। इसके तहत बैगा, भारिया, सहरिया जनजाति की महिलाओं को 1 हजार रुपए महीना दिया जाएगा।
  • महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1 हजार करोड़ रुपए।
  • प्रसूति सहायता योजना में 400 करोड़ का प्रावधान किया है।
  • वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना के लिए 1 हजार 535 करोड़ रुपए। इसके तहत 600 रुपए महीने दिए जाते हैं।
  • कन्या विवाह एवं निकाह के लिए 80 करोड़ रुपए। शादी के लिए 55 हजार रुपए की मदद दी जाती है।
  • छात्रवृत्ति (गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना) के लिए 83 करोड़ रुपए। बेटियों को स्कॉलरशिप दी जाती है।
  • नवीन मुख्यमंत्री बालिका स्कूटी योजना के तहत 12वीं क्लास फर्स्ट डिविजन से पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी।

किसानों के लिए बजट…

  • बकायादार किसानों के सरकारी संस्थानों से लिए गए कर्ज का ब्याज सरकार भरेगी। इसके लिए 2500 करोड़ रुपए का प्रावधान।
  • मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 3200 करोड़ का प्रावधान है।
  • मुख्यमंत्री कृषक फसल उपार्जन सहायता योजना के लिए 1000 करोड़।
  • सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं का सौर उर्जीकरण के लिए 1356 करोड़।
  • कृषि संबंधित योजनाओं के लिए कुल 53,264 करोड़ रुपए का प्रावधान है।
  • मुख्यमंत्री गोसेवा योजना के अंतर्गत 3346 गोशाला का निर्माण स्वीकृत किया गया है।
  • नहर और उससे संबंधित निर्माण कार्य के लिए 1814 करोड़।
  • किसानों से जुड़े मामलों में कम्प्यूटरीकरण के लिए 80 करोड़ का प्रावधान है।
  • किसानों को केंद्र से 6000 मध्य प्रदेश से 4000 सालाना मिलते रहेंगे।

गरीब कल्याण, विकास और योजना के लिए…

  • राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के लिए 3500 करोड़।
  • महिला स्वसहायता समूह के लिए 660 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित।
  • प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए 467 करोड़ का प्रावधान।
  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 1826 करोड़।
  • प्रदेश में सड़कों और पुलों के लिए 56 हजार 256 करोड़ रुपए।

सीनियर सिटीजन के लिए बजट…

  • वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना के लिए 1 हजार 535 करोड़ रुपए। इसके तहत 600 रुपए महीने दिए जाते हैं।फ्लाइट से तीर्थ दर्शन कराएगी सरकार। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन के के लिए 50 करोड़ स्वीकृत।
  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के लिए 1144 करोड़।

धर्म-कर्म के लिए प्रावधान…

  • सलकनपुर में श्रीदेवी महालोक का निर्माण
  • सागर में संत रविदास स्मारक।
  • ओरछा में रामराजा लोक।
  • चित्रकूट में दिव्य वनवासी राम लोक को डेवलप किया जाएगा। इसके लिए 358 करोड़ रुपए का बजट है।

नगरीय निकाय/अधोसंरचना…

  • नगरीय निकायों को 842 करोड़ रुपए, नगरीय विकास के लिए 14 हजार 82 करोड़ रुपए, स्थानीय निकायों को 3 हजार 83 करोड़ रुपए।
  • इंदौर ग्रीन बॉण्ड योजना से 244 रुपए कमाए गए हैं, इससे सोलर पावर प्लांट लगेगा। इस प्लांट की बिजली से पानी सप्लाई होगी। हर साल 5 करोड़ रुपए बचेंगे।

सेवा क्षेत्र में प्रावधान…

  • मध्यप्रदेश के धार्मिक स्थलों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी।
  • इंदौर और भोपाल में मेट्रो रेल के लिए 710 करोड़ रुपए का बजट।
  • प्रदेश में हवाई पट्टियों के विस्तार के लिए 80 करोड़ रु का प्रावधान।

बिजली…

  • ऊर्जा क्षेत्र के लिए 18 हजार 302 करोड़ का प्रावधान।
  • स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली के बिल मिलेंगे।
Back to top button