पेण्ड्रा-मरवाही

दिल्ली में आयोजित दस्तक नई पीढ़ी में काव्यपाठ करेंगे पेण्ड्रा के आशुतोष

पेण्ड्रा। पेण्ड्रा के युवा साहित्यकार कवि आशुतोष आनंद दुबे दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम दस्तक नई पीढ़ी में अपनी प्रस्तुति देंगे। राष्ट्रीय कवि संगम संस्था की ओर से आयोजित दस्तक नई पीढ़ी देश का एक सबसे बड़ा मंच है जिसमें प्रत्येक वर्ष पूरे देश भर से 12 युवा कवियों को राष्ट्रीय स्तर के कवि सम्मेलन में काव्यपाठ का अवसर प्रदान किया जाता है।

राष्ट्रीय कवि संगम देशभर के राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय कवियों की एक संस्था है, जो पूरे देश भर के नवोदित युवा कवियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करती है। राष्ट्रीय कवि संगम देश के 25 राज्यों में संचालित हो रहा है। जिसमें जिला स्तर तक की कार्यकारिणी गठित है, जो युवा कवियों को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का कार्य कर रही है। शहर के युवा आशुतोष आनंद दुबे को इस वर्ष दस्तक कवि सम्मेलन में काव्यपाठ हेतु छत्तीसगढ़ राज्य से चयनित किया गया है।

 यह आयोजन राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक अध्यक्ष जगदीश मित्तल के जन्मदिवस पर 15 नवंबर को दिल्ली में संपन्न होगा। यह कवि सम्मेलन विगत 13 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर के कवि, आयोजक तथा काव्यप्रेमी, पत्रकार आदि इन चयनित युवा कवियों को सुनने के लिए एकत्रित होंगे। आशुतोष पिछले कई वर्षों से साहित्य और कविता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी काव्यपाठ कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।

आशुतोष ने अपनी इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय कवि संगम संस्था को, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल तथा मंत्री महेश कुमार शर्मा सहित अपने सभी साहित्यिक मित्रों के सहयोग एवं क्षेत्रवासियों के प्रोत्साहन को प्रेरणा मानते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button