Uncategorized

भारत के खराब प्रदर्शन से आनंद महिंद्रा दिखे निराश, गुस्से में बंद किया टीवी…

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम की लगातार दूसरी हार से पूरे देश में निराशा का माहौल है। इससे देश के मशहूर उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा भी अछूते नहीं हैं। उन्होंने भारत के खराब प्रदर्शन के बाद ट्वीट कर टीवी बंद करने की बात कही। इसी के बाद एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि, ‘अब इस हार का आरोप आपके ऊपर लगेगा’। जिसके जवाब में आनंद महिंद्रा ने ट्वीट किया और लिखा कि, ‘मैंने टीवी इन आरोपों से बचने के लिए ही बंद किया था।

आपको बता दें कि आनंद महिंद्रा अक्सर खेल की दुनिया में भी सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में टोक्यो ओलंपिक के दौरान उन्हें पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए शुभकामनाएं और लग्जरी कार गिफ्ट करने के पोस्ट ट्वीट करते देखा गया था।

इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम ने जब 36 पर ऑलआउट होने के बाद सीरीज जीती थी तब भी उन्होंने कई पूर्व क्रिकेटर्स को लेकर ट्वीट किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर के बयानों की पेपर कटिंग के साथ ट्वीट किया था। भारत के इस ऐतिहासिक दौरे पर डेब्यू करने वाले मोहम्मद सिराज और टी नटराजन को उन्होंने महिंद्रा थार गिफ्ट की थी।

वहीं नीरज चोपड़ा ने भी शनिवार रात एक ट्वीट में अपनी महिंद्रा XUV700 के साथ तस्वीर शेयर की थी और आनंद महिंद्रा का धन्यवाद भी अदा किया था। आनंद महिंद्रा ने टोक्यो ओलंपिक के बाद गोल्डेन ब्वॉय को ये लग्जरी गाड़ी देने का वादा किया था। गौरतलब है कि भारत को न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से मात दी थी। भारत की टी20 विश्व कप 2021 में ये लगातार दूसरी हार थी। इससे पहले पाकिस्तान ने भी भारत को 10 विकेट से हराया था। इन दो हार के बाद भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को भी तगड़ा झटका लगा है।

Back to top button