मध्य प्रदेश

भारी बारिश के बीच सीएम ने फहराया तिरंगा, कमलनाथ ने कांग्रेस दफ्तर में किया ध्वजारोहण, शिवराज सिंह ने ली परेड की सलामी …

भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाई गई। ज्यादातर शहरों में भारी बारिश के बीच तिरंगा फहराया गया। लगातार तेज बारिश की वजह से आजादी के जश्न के कार्यक्रमों को छोटा करना पड़ा है।

भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भारत की आन-बान-शान तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री ने कहा- आज देश के लिए मरने के लिए नहीं, जीने की जरूरत है। इसलिए हम अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। क्रांतिकारियों ने अपने खून से अभिषेक करके भारत को आजादी दिलाई थी। आइए, आज उन सभी क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धा सहित प्रणाम करें। सीएम ने कहा- हम भोपाल में एक वीर भारत स्मारक का निर्माण करेंगे और उस वीर भारत स्मारक में क्रांतिकारियों एवं आजादी के नायकों की मूर्तियां, उनका व्यक्तित्व और कृतित्व संजोकर रखा जाएगा।

भोपाल में ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झंडा फहराया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के अलावा कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कटनी में बीजेपी जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। इंदौर में गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जबलपुर में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। रीवा में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने तिरंगा फहराया। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने धार में कारम नदी पर बन रहे डैम पर ध्वजारोहण किया।

विजय शाह- नरसिंहपुर, जगदीश देवड़ा- उज्जैन, बिसाहूलाल सिंह-मंडला, यशोधरा राजे सिंधिया-देवास, भूपेन्द्र सिंह- सागर, मीना सिंह मांडवे- अनूपपुर, कमल पटेल- छिंदवाड़ा, गोविंद सिंह राजपूत- दमोह, बृजेन्द्र प्रताप सिंह- सिंगरौली, विश्वास सारंग- विदिशा, डॉ. प्रभुराम चौधरी- सीहोर, महेन्द्र सिंह सिसौदिया- शिवपुरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर- गुना, ओमप्रकाश सखलेचा- छतरपुर, उषा ठाकुर- खंडवा, अरविंद सिंह भदौरिया- रायसेन, डॉ. मोहन यादव- राजगढ़, हरदीप सिंह डंग- बड़वानी, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव- मंदसौर, भारत सिंह कुशवाह- मुरैना, इंदर सिंह परमार- झाबुआ, राम खेलावन पटेल- शहडोल, रामकिशोर कांवरे- पन्ना, बृजेन्द्र सिंह यादव- शाजापुर, सुरेश धाकड़- दतिया, ओपीएस भदौरिया- रतलाम।

Back to top button