मध्य प्रदेश

सतपुड़ा भवन में आग लगने के बाद सियासी लपटें हुईं तेज : अग्निकांड में अब बजरंगबली की एंट्री भी हो गई

आचार्य प्रमोद का ट्वीट- लंका दहन शुरू, कमलनाथ बोले-आग लगी या लगाई

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के दूसरे सबसे बड़े सतपुड़ा भवन में लगी आग पर विपक्ष हमलावर हो गया है। अग्निकांड में बजरंगबली की भी एंट्री हो चुकी है। आचार्य प्रमोद कृष्णन ने ट्वीट कर कहा- हनुमान जी की महिमा अपरंपार है। कर्नाटक से सीधा भोपाल पहुंच गए और लंका दहन शुरू। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा- आग लगी है या लगाई गई? कमलनाथ के आरोप पर भाजपा ने कांग्रेस को गिद्ध बताया। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- वहां 4000 हजार कर्मचारी थे। कैसे कोई केरोसिन-पेट्रोल ले जाता। कांग्रेस अवसर तलाशती है।

मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित की है। कमेटी तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। एसीएस होम राजेश राजौरा ने कहा, प्रारंभिक जायजा लिया है। अभी आग लगने के कारणों पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उधर, सतपुड़ा भवन में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा रही है। मंगलवार को सतपुड़ा भवन में संचालित होने वाले सभी दफ्तरों के कर्मचारियों को अवकाश दिया गया है। कल से कर्मचारी काम करने लगेंगे।

कमलनाथ बोले- यह भ्रष्टाचार का बड़ा मुद्दा स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, आग लगी या लगाई गई। अभी तक बोला है कि 12 हजार फाइलें जली हैं। पता नहीं कितने हजारों फाइल जली हैं? क्या लक्ष्य था, क्या उद्देश्य था? यह भ्रष्टाचार का बहुत बड़ा मामला है। इसकी स्वतंत्र एजेंसी से जांच होनी चाहिए। भाजपा से कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने ट्वीट कर लिखा- यह मध्यप्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार की लपटें हैं। विभागों के भ्रष्टाचार की फाइलें जलाकर खाक कर दी गईं। यह आग किन परिस्थितियों में लगी? आखिर इतने महत्वपूर्ण भवन में क्यों आग पर काबू पाने पर्याप्त साधन नहीं थे? इस अग्निकांड की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

यहां चुनाव से पहले ही आग लगती है : बसपा

बसपा से राज्यसभा सांसद और मप्र के प्रदेश प्रभारी रामजी गौतम ने ट्वीट कर कहा, सतपुड़ा जलता रहा, सत्ता मुस्कुराती रही। क्योंकि, नर्सिंग कॉलेज स्कैम, कोविड खर्च, लोकायुक्त शिकायत, आदिवासी कल्याण खर्च के साथ तमाम गोपनीय फाइल्स जलकर राख हो गईं। सतपुड़ा में आग चुनाव से पहले ही लगती है- 14 दिसंबर 2018, 25 जून 2012 को भी इसी भवन में आग लगी थी।

भाजपा ढोल बजाकर देश से जा रही : सपा

सपा नेता और उप्र के पूर्व मंत्री आईपी सिंह ने ट्वीट किया कि भाजपा ढोल बजाकर देश से जा रही है। मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने मान लिया कि वो सत्ता से जा रही है। यह आग उस कार्यालय में लगी है, जहां सरकार के सबसे अहम दस्तावेज रखे जाते हैं। आग का बहाना बनाकर सारे गोलमाल पर पानी डाल दिया गया, लेकिन संदेश चला गया कि फर्जी मामा जा रहा है।

सरकार ने विसर्जन की तैयारी शुरू की : एनएसयूआई

एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक नीरज कुंदन ने ट्वीट कर लिखा- प्रियंका गांधी की मध्यप्रदेश में एंट्री क्या हुई, शिवराज सिंह चौहान ने अपने खुद के विसर्जन की तैयारी चालू कर दी है। भोपाल सतपुड़ा भवन में भ्रष्टाचार से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलों को जला दिया गया। स्पष्ट है कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आ रही है।

उमंग सिंघार ने कहा- हमने 15 दिन पहले जताई थी ऐसी आशंका

पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने ट्वीट कर लिखा- प्रियंका गांधी के मध्यप्रदेश में चुनावी शंखनाद के साथ ही भाजपा द्वारा चल रहे भ्रष्टाचार की फाइलें आग लगवाकर जलाने का अभियान भी शुरू हो गया है। 15 दिन पहले मैंने भोपाल में पत्रकारवार्ता में इसकी आशंका जाहिर की थी कि सरकारी दफ्तरों में आग लगने का अभियान शुरू होगा और देखिए शुरू हो गया।

भाजपा का पलटवार : कहा- कांग्रेस राजनीति कर रही

सतपुड़ा भवन में आग को लेकर बयानबाजी पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा- ये गिद्ध रूपी चारित्रिक कांग्रेस है। इसे लाशों पर राजनीति करने में मजा आता है। दुर्घटनावश लगी आग पर मखौल उड़ाने में मजा आता है। ये अपने आप में दुखद है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा- कांग्रेस के लोग कह रहे हैं कि हमें पहले से पता था, तो क्या उन्होंने लगवाई है? जो भी है मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी बनाई है, जांच में सामने आ जाएगा। वहां कोई भी ऐसे महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं थे, जो इस तरह का काम किया जाए। कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, डिजिटल युग में दस्तावेज नष्ट करना संभव नहीं है। थोड़ा समय लगेगा, लेकिन जल्द पूरा बैकअप क्रिएट कर लिया जाएगा। आज शाम से वैकल्पिक दफ्तर शुरू हो जाएंगे। कल से कर्मचारी काम शुरू कर देंगे। कांग्रेस के आरोप पर बोले- कैसे कोई पेट्रोल-केरोसिन ले जाएगा। कांग्रेस हादसों पर राजनीति करती है।

Back to top button