दुनिया

मध्य प्रदेश में तीन नए जिलों की घोषणा के बाद भाजपा विधायक करने लगे कमलनाथ की तारीफ

भोपाल। मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार ने तीन नए जिलों की घोषणा करके खलबली मचा दी है। जिला बनाने की मांग करने वाले भाजपा के विधायक मुख्यमंत्री कमलनाथ की तारीफ करने लगे हैं। मैहर के भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने तो यहां तक कह दिया है कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ की सरकार को कोई खतरा नहीं है। वह सरकार स्थित है। जाहिर है कि भाजपा की ओर से जिस तरह की तोड़फोड़ की जा रही है अब वैसा ही कांग्रेस खेमे से भी हो सकता है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे राजनीति के चाणक्य पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हर वह चाल चल रहे हैं जिससे अल्पमत में दिखाई दे रही सरकार का उद्धार किया जा सके। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि इसी क्रम में कुछ भाजपा विधायकों पर डोरे डालने के लिए कमलनाथ ने मैहर चाचौड़ा और नागदा को नया जिला बनाने की घोषणा कर दी है।

दरअसल इन तीनों जगहों के भाजपा विधायकों के द्वारा कमलनाथ से लगातार बैठकर नागदा मैहर और चाचौड़ा को अलग से नया जिला बनाने की मांग की जा रही थी। ऐसे समय में जब विधानसभा में संभावित और प्रस्तावित फ्लोर टेस्ट को देखते हुए ही एक-एक विधायक काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एन वक्त पर मैहर चाचौड़ा और नागदा को नया जिला बनाने की घोषणा कर दी है।

नारायण त्रिपाठी, विधायक

इस घोषणा का असर यह हुआ कि मैहर से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी ने सीधे कमलनाथ सरकार की तारीफ कर दी और यहां तक कह दिया कि कमलनाथ सरकार को कोई खतरा नहीं है।

उनका यह प्रयास सीधे-सीधे रूप में इन तीनों जगहों के भाजपा विधायकों को अपने खेमे में लाने की एक सोची समझी चाल ही दिखाई दे रही है। फ्लोर टेस्ट में भाजपा और कमलनाथ के बीच होने वाली रस्साकशी में कौन सा पक्ष विजयी होता है यह देखने की बात होगी लेकिन उसके पहले दोनों पक्ष एक दूसरे को परास्त करने के लिए कोई भी सियासी चाल छोड़ना नहीं चाहते।

Back to top button