नई दिल्ली

33 दिनों बाद भारत में 10 हजार से ज्यादा मामले, मोदी सरकार बोली- गुजरात सहित इन 6 राज्यों ने बढ़ाई टेंशन …

नई दिल्ली। भारत में पिछले सप्ताह औसतन 8,000 से अधिक मामले प्रति दिन दर्ज किए गए। ये जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि कुल मिलाकर मामलों की पॉजिटिविटी रेट 0.92% है। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर से, देश में रोजाना 10,000 मामले सामने आ रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मिजोरम के 6 जिलों, अरुणाचल प्रदेश के एक जिले, पश्चिम बंगाल के कोलकाता सहित 8 जिलों में 10% से अधिक की साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट नोट की जा रही है। उन्होंने कहा कि 14 जिलों में साप्ताहिक मामले की पॉजिटिविटी रेट 5-10% के बीच है।

मंत्रालय का कहना है कि भारत में 33 दिनों के बाद कोविड-19 के एक दिन में 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, मामलों में तेजी से वृद्धि के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक कोविड-19 मामलों और संक्रमण दर के आधार पर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात चिंता वाले राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बनकर उभर रहे हैं।

मंत्रालय ने बताया कि भारत में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 961 मामले हैं, जिनमें से 320 मरीज ठीक हो चुके हैं। लव अग्रवाल ने कहा कि भारत में लगभग 90% वयस्क आबादी को पहली खुराक के साथ COVID-19 के खिलाफ टीका लगाया जा चुका है।

Back to top button