छत्तीसगढ़रायपुर

झंडा विवाद में गिरफ्तार कवर्धा के 59 आरोपियों को मिली जमानत, दुर्ग केंद्रीय जेल के बाहर हिंदू संगठनों ने किया स्वागत, लगाए नारे …

रायपुर। कवर्धा जिले में दो संप्रदायों के बीच झंडा हटाने को लेकर हुए विवाद में गिरफ्तार 59 आरोपियों को शनिवार को केंद्रीय जेल दुर्ग से जमानत पर छोड़ा गया। कवर्धा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) ने शुक्रवार को जमानत याचिका पर फैसला दिया है। जमानत का आदेश शनिवार को दुर्ग केंद्रीय जेल पहुंचा। इसके बाद सभी को छोड़ा गया।

इससे पहले भी गुरुवार को 18 आरोपियों को जमानत पर छोड़ा गया है। कवर्धा हिंसा मामले में कुल 108 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शनिवार को विश्व हिंदू परिषद, हिंदू संगठनों व भाजपा के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय जेल के बाहर जमानत पर छूटे सभी का स्वागत किया। इस दौरान जेल मार्ग पर हिंदू संगठन के लोगों ने जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

बता दें कि कवर्धा के लोहारा नाका स्थित मिनीमाता चौक में तीन अक्टूबर को झंडा हटाने और लगाने को लेकर दो संप्रदायों में भारी विवाद और मारपीट हो गया था। विवाद इतना बड़ा कि शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। इंटरनेट सेवा को बंद करने के साथ ही जिले के बाहर के लोगों को शहर में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया था। इस मामले को लेकर भाजपा व कांग्रेस ने एक दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

Back to top button